चारपहिया वाहन ने दंपति को मारी जोरदार टक्कर, पति गंभीर रूप से घायल, पत्नी को आईं चोटें

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

172

इंडिन्यूज लाइन, बाराबंकी (मुकेश कुमार): सतरिख थाना क्षेत्र के भिटौली कलां में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सन्दौली गांव की ओर जा रहे एक अधेड़ दंपति को तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घटना में पति सतीश को गंभीर चोटें आईं जबकि पत्नी को भी कई जगह चोटें लगीं।

तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को मार दी थी टक्कर

बताया जा रहा है कि सतीश पत्नी के साथ अपने ससुराल जा रहे थे। तभी सिद्धौर के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने लापरवाही से उनकी बाइक को टक्कर मार दी और फरार हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घायल सतीश के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी और 112 डायल कर पुलिस को बुलाया। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए गंभीर हालत में सतीश को जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि पत्नी का प्राथमिक उपचार कराया गया।

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने मौके से सतीश की क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

बेखौफ दौड़ते हैं तेज रफ्तार वाहन

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लंबे समय से तेज रफ्तार वाहन बेखौफ दौड़ते हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के पुख्ता इंतज़ाम न होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। अब देखना होगा कि इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीरता दिखाता है।

Comments are closed.