जल संकट पर AAP नेताओं ने LG से की मुलाकात, हरियाण से पानी दिलाने का मिला भरोसा

डेलीगेशन ने एलजी को बताया, दिल्ली को 1994 के समझौते के अनुसार मिल रहा पानी, तब दिल्ली की आबादी 1.1 करोड़ थी, अब बढ़कर 3 करोड़ हो गई है

0 136
नई दिल्ली,
हरियाणा से दिल्ली के हिस्से का कम पानी मिलने की वजह से गहराए जल संकट को लेकर रविवार को आप नेताओं का एक डेलीगेशन एलजी वीके सक्सेना से मिला और उनसे दिल्ली के हक का पानी दिलाने के लिए पहल करने की अपील की।
राजनिवास पर एलजी से मुलाकात करने पहुंचे डेलीगेशन में आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह व एनडी गुप्ता, जनरल सेक्रेटरी पंकज गुप्ता, कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज और विधायक दिलीप पांडे, सोमनाथ भारती, राजेश गुप्ता रितुराज समेत 10 सदस्य शामिल थे।
इस दौरान डेलीगेशन और एलजी के बीच बहुत ही सौहार्द पूर्ण माहौल के बीच बातचीत हुई। ने एलजी को हरियाणा से दिल्ली के हक का 113 एमजीडी पानी कम मिलने की जानकारी दी। डेलीगेशन ने एलजी को बताया कि दिल्ली को 1994 के समझौते के अनुसार पानी मिल रहा है। 1994 में दिल्ली की आबादी करीब 1.1 करोड़ थी, लेकिन अब यह बढ़कर 3 करोड़ हो गई है। एलजी ने ‘‘आप’’ नेताओं को भरोसा दिया कि वो हरियाणा सरकार से दिल्ली के हक का पानी दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे।
एलजी के साथ हुई बैठक के बारे में राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बताया कि हमने एलजी से कहा कि 1994 में दिल्ली के लिए जितना पानी का आवंटन किया गया था, आज भी उतना ही पानी दिल्ली को मिल रहा है। जबकि 1994 से अब तक 30 साल में दिल्ली की आबादी तीन गुना बढ़ गई है। हमने बताया कि नहरों की लीकेज को खत्म करने पर 500 करोड़ रुपए खर्च किया। दिल्ली के अंदर 12 हजार किलोमीटर पाइप लाइन बिछवाने का काम किया। दिल्ली सरकार ने अपने स्तर पर बहुत सारे प्रयास किए हैं। इस दौरान एलजी साहब ने भी कुछ सुझाव दिए हैं, जिस पर मिलकर काम करने की सहमति बनी।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि हमने एलजी साहब से यह भी कहा कि अब तो एक सप्ताह में बारिश आने वाली है। शिमला और हिमाचल में बारिश शुरू हो गई। अगले एक सप्ताह में इतना पानी आ जाएगा कि हरियाणा चाहकर भी पानी नहीं रोक पाएगा। इसलिए अब केवल एक सप्ताह की ही बात है। हमने एलजी साहब से निवेदन किया है कि हरियाणा से आप एक सप्ताह के लिए दिल्ली को पानी दिलवा दीजिए।
रोजाना 100 एमजीडी पानी कम दे रहा हरियाणा
1994 के अनुसार, दिल्ली को 1005 एमजीडी पानी की जरूरत है। इसमें से 613 एमजीडी पानी हरियाणा से आता है। लेकिन पिछले 2 हफ़्तों से लगातार हरियाणा दिल्ली को कम पानी दे रहा है। फिलहाल हरियाणा सरकार से दिल्ली को 613 एमजीडी के बजाय 500-513 एमजीडी पानी मिल पा रहा है। इस तरह रोज़ाना 100 एमजीडी कम पानी मिल रहा है।
दिल्ली के 28 लाख लोगों पानी से प्रभावित
हरियाणा से दिल्ली को लगातार मिल रहे कम पानी की वजह से दिल्लीवाले को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। क्योंकि पानी का प्रोडक्शन कम हो रहा है। एक एमजीडी पानी से 28,500 लोगों को पानी मिलता है। यानी हरियाणा सरकार द्वारा 100 एमजीडी पानी रोकने से दिल्ली के 28 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है। दिल्लीवाले घंटों पानी का इंतज़ार कर रहे है। महिलाएं इस तपती गर्मी में खड़ी होकर टैंकरों का इंतज़ार करती हैं।
हरियाणा की आबादी दिल्ली के बराबर, लेकिन पानी की खपत छह गुना ज्यादा
अगर हम दिल्ली और हरियाणा में रहने वाली आबादी और उसको मिलने वाले पानी में तुलना करें तो इससे भी साफ होता है कि दिल्ली के लोगों के साथ न्याय नहीं हो रहा है। वर्तमान में दिल्ली की करीब 3 करोड़ आबादी है और हरियाण की भी करीब 3 करोड़ आबादी है। दिल्ली के लोगों के लिए 1005 एमजीडी पानी मिलता है, जबकि हरियाणा के लोगों के लिए 6500 एमजीडी पानी मिलता है। इस तरह दिल्ली की तुलना में हरियाणा में छह गुना से भी ज्यादा पानी की खपत हो रही है। ऐसे में अगर हरियाणा दिल्ली को 100 एमजीडी पानी देता है तो वो भी उसके कुल पानी का मात्र 1.5 फीसद ही होगा और हरियाणा की आबादी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
केजरीवाल सरकार ने पानी आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए कई कदम
पिछले 8 वर्षों में केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में पानी की आपूर्ति व्यवस्था बेहतर करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सरकार ने अब तक 3505 किमी पुरानी पाइप लाइनों को बदला है। पहले दिल्ली में केवल 900 अनधिकृत कॉलोनियों में पाइप लाइन से पानी आपूर्ति होती थी। लेकिन ‘‘आप’’ सरकार ने पाइप लाइनें बिछाकर 1750 अनधिकृत कॉलोनियों में पानी पहुंचा दिया है। अब तक सरकार ने 7500 किमी नई पाइप लाइन डाली हैं। कुल मिलाकर 11 हजार पानी की पाइप लाइनें बिछाई गई हैं। पूरे वॉटर सप्लाई नेटवर्क की रीयल टाइम मॉनिटरिंग के लिए 3000 बल्क फ्लो मीटर लगाए हैं। इससे रियल टाइम पानी के फ्लो को मॉनिटर कर सकते हैं। पिछले 6 महीनों में 2000 ज्यादा पानी की लीकेज रोकी गई है।
30 वर्षों में दिल्ली की आबादी बढ़ी तीन गुना, लेकिन मिल रहा 1994 के अनुसार पानी
1994 में अपर यमुना बोर्ड ने दिल्ली की मौजूदा आबादी को देखते हुए प्रतिदिन 1005 एमजीडी पानी तय किया था। तब दिल्ली की जनसंख्या 1.1 करोड़ थी। यह समझौता हुए 30 साल हो चुके हैं। इन 30 वर्षों में दिल्ली की आबादी 1.1 करोड़ से बढ़कर 3 करोड़ हो चुकी है। यानि दिल्ली में लगभग तीन गुना आबादी बढ़ चुकी है, लेकिन दिल्ली को अभी भी 1005 एमजीडी पानी ही मिल रहा है। पिछले कई वर्षों से दिल्ली की ‘‘आप’’ सरकार बढ़ी आबादी के अनुसार पानी की मात्रा बढ़ाने की मांग कर रही है, लेकिन भाजपा की केंद्र और हरियाणा सरकार ने इसका विरोध किया है।
01 से 22 जून तक दिल्ली में पानी का प्रोडक्शन
दिनांक                         कुल उत्पादन (एमजीडी)
01 जून                        998.95
06 जून                        1002.89
10 जून                         958.26
11 जून                        919.70
12 जून                       951.20
13 जून                       939.75
14 जून                       934.00
15 जून                        901.00
16 जून                        917.00
17 जून                        916.00
18 जून                        909.00
19 जून                       924.00
20 जून                      888.00
21 जून                      896.00
22 जून                      906.00
Leave A Reply