स्कूलों को विलय के खिलाफ AAP का पूरे यूपी में प्रदर्शन, लखनऊ में नारेबाजी व झड़प
पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को जबरन हिरासत में लेकर बस में बैठाया
इंडिन्यूज लाइन, लखनऊ:
आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ताओं ने कम छात्र संख्या वाले प्राइमरी स्कूलों को नजदीकी विद्यालय में विलय किये जाने खिलाफ बुधवार को प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। लखनऊ में स्वास्थ्य भवन चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। कार्यकर्ताओं ने कहा कि योगी सरकार प्राइमरी स्कूलों को बंदकर गरीब, मज़दूर और किसान के हजारों बच्चों को शिक्षा से वंचित करना चाहती है। स्कूल बंद होने से शिक्षकों और शिक्षामित्रों के पद कम हो जाएंगे।
कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी बहस और झड़प हुई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को जबरन हिरासत में लेकर बस में बैठा लिया। AAP के प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में प्रदर्शन कर विरोध जताया।
भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य भवन चौराहा पर की नारेबाजी
अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल और जिला अध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में बुधवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे भारी संख्या में कार्यकर्ता स्वास्थ्य भवन चौराहा पर पहुंचे। स्कूलों के विलय के खिलाफ कार्यकताओं ने नारेबाजी की।
प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि योगी सरकार 27000 शराब की दुकाने खोलकर 27000 सरकारी स्कूलों को बंद करने जा रही है। AAP सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार बीते चार वर्ष में 42 लाख बच्चों ने सरकारी स्कूलों की शिक्षा छोड़ी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार एक वर्ष में यूपी में आठ लाख बच्चों ने सरकारी स्कूलों की शिक्षा छोड़ दी।
Related Posts






Comments are closed.