उर्दू के पांच हजार शब्दों का खजाना अब हिंदी भाषियों के लिए उपलब्ध, शब्दकोश का विमोचन
कानून, शायरी और पत्रकारिता से जुड़े पारिभाषिक शब्दों को भी मिली जगह, रेख्ता और अमेजन पर उपलब्ध
नई दिल्ली।
उर्दू और हिंदी के बीच भाषाई रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में प्रोफेसर जिया-उर्रहमान सिद्दीकी द्वारा तैयार उर्दू-हिंदी शब्दकोश का विमोचन किया गया। दरियागंज स्थित उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शब्दकोश को हिंदी भाषियों के लिए उपयोगी पहल बताया गया। इसमें करीब पांच हजार उर्दू शब्दों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इसमें कानून, शायरी और पत्रकारिता से जुड़े महत्वपूर्ण शब्दों के साथ उनकी पारिभाषिक शब्दावलियों को भी जगह दी गई है।
कार्यक्रम में उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सैयद अहमद खान ने कहा कि उर्दू और हिंदी दो बहनों की तरह हैं। इन दोनों भाषाओं के बिना भारत में गंगा-जमुनी तहजीब की कल्पना नहीं की जा सकती। हिंदी भाषियों को उर्दू की जरूरत है तो उर्दू भाषियों को भी हिंदी की आवश्यकता है। दोनों भाषाएं एक-दूसरे से जुड़ी हैं और देश की साझा संस्कृति एवं सभ्यता का प्रतिनिधित्व करती हैं।
डॉ. खान ने कहा कि प्रोफेसर जिया-उर्रहमान सिद्दीकी का तैयार किया गया यह शब्दकोश दोनों भाषाओं के बीच संवाद और समझ को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे हिंदी जानने वाले लोग उर्दू शब्दों का अर्थ आसानी से समझ सकेंगे। साथ ही उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार को भी बढ़ावा मिलेगा।
शब्दकोश में सामान्य शब्दों के अलावा कानून, साहित्य और पत्रकारिता से संबंधित शब्दों को शामिल किया गया है। इससे विशेष रूप से पत्रकारिता और कानूनी क्षेत्र से जुड़े लोगों को उर्दू शब्दों को समझने में मदद मिलेगी। यह शब्दकोश रेख्ता और अमेजन पर भी उपलब्ध है।
विमोचन समारोह में एडवोकेट शाह जबीं काजी, शेख अलीउद्दीन असदी, इसरार अहमद, डॉ. इफ्तिखार यूनुस मुनशी, शारिक सिद्दीकी, इसरार अहमद अजमेरी, नईम अहमद, वसीम अहमद सिद्दीकी, डॉ. अनजुम नजमी और डॉ. जावेद अनवर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Comments are closed.