मधु विहार में छठ की छटा, सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली

आरडब्ल्यूए प्रधान रणबीर सिंह सोलंकी ने तीन ब्लॉकों में पहुंचकर छठ व्रतियों को दी शुभकामनाएं, पूजा समिति ने किया सम्मानित

5,101

नई दिल्ली।

द्वारका सेक्टर-3 स्थित मधु विहार में छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। छठी मैया के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

आरडब्ल्यूए मधु विहार के प्रधान एवं फेडरेशन ऑफ साउथ एंड वेस्ट डिस्ट्रिक्ट वेलफेयर फोरम के चेयरमैन रणबीर सिंह सोलंकी ने बी ब्लॉक, ए-1 ब्लॉक और सी-1 ब्लॉक में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में पहुंचकर व्रतियों और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उन्होंने चार दिनों तक कठिन व्रत और साधना करने वाले व्रतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस अवसर पर सोलंकी ने कहा कि छठ महापर्व अब भारत की सीमाओं से निकलकर दुनियाभर में आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। छठ पूजा पवित्रता, संयम, अनुशासन और स्वच्छता का संदेश देने के साथ प्रकृति के संरक्षण की प्रेरणा भी देती है।

उन्होंने कहा कि छठ की विशेषता यह है कि इसमें समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ शामिल होते हैं। यह पर्व सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने छठी मैया से सभी व्रतियों और उनके परिवारों के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की।

सोलंकी ने आयोजन में सहयोग देने वाली पूजा समितियों, स्थानीय निवासियों और स्वयंसेवकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पूजा समिति के अध्यक्ष सुनील पांडे ने रणबीर सिंह सोलंकी को सम्मानित किया। इस मौके पर अरुण सिंह, राजेश्वर, रमेश झा, विजय शाह, नंद किशोर, डॉक्टर उमेश ग्री, राजकुमार चौधरी, जीएस पवार और बीएन पांडे सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Comments are closed.