रजत चौधरी के जन्मदिन पर समर्थकों में दिखा उत्साह

गौसेवा के साथ जरूरतमंद छात्रों को बांटी अध्ययन सामग्री

56

नई दिल्ली।

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रजत चौधरी के जन्मदिन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जन्मदिन की पूर्व संध्या से ही उनके निवास पर बधाई देने वालों का पहुंचना शुरू हो गया था। देर रात तक बड़ी संख्या में समर्थक ढोल-नगाड़ों के साथ उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन के अवसर पर रजत चौधरी ने दिन की शुरुआत गौशाला पहुंचकर गौसेवा से की। इसके बाद उन्होंने जरूरतमंद छात्रों को स्कूल बैग और पढ़ाई से संबंधित सामग्री वितरित की। दिनभर उनके निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान आगंतुकों के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।

रजत चौधरी ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं की ओर से मिले स्नेह एवं सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से युवाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए जो दिशा-निर्देश मिलते हैं, उन्हें पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं की भागीदारी संगठन को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

दिल्ली प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के सोशल मीडिया प्रमुख साहिल यादव ने भी रजत चौधरी को तिरंगे के रंगों से सजी फूलों की माला पहनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रजत चौधरी ऊर्जावान युवा नेता हैं और सभी को साथ लेकर चलने के लिए जाने जाते हैं। संगठन और पार्टी के प्रचार-प्रसार में उनकी सक्रियता के चलते युवाओं में उनके प्रति खासा उत्साह है।

कार्यक्रम में युवा नेता एवं द्वारका श्रीरामलीला समिति के संरक्षक व अध्यक्ष आकाश राजेश गहलोत, सुमित राणा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने रजत चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

 

Comments are closed.