तीसरी बार राज्यसभा सदस्य बनने पर रामदास आठवले का अभिनंदन

मोदी नेतृत्व में ‘बाबासाहेब के सपनों का भारत’ बनने की बात

103

नई दिल्ली:

रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले को तीसरी बार राज्यसभा सदस्य निर्विरोध चुने जाने पर दिल्ली प्रदेश इकाई ने कंस्टीट्यूशन क्लब में भव्य समारोह आयोजित कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

समारोह में संबोधित करते हुए रामदास आठवले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज के वंचित वर्गों की जीत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। सरकार बाबासाहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रामदास आठवले ने कहा कि वे आगे भी दलित, वंचित, शोषित, अल्पसंख्यक, दिव्यांग और महिला वर्ग के अधिकारों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा भी जताया।

कार्यक्रम में आरपीआई दिल्ली प्रदेश इकाई के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने अपने नेता के तीसरी बार राज्यसभा पहुंचने पर खुशी जाहिर की।

Comments are closed.