National Girl Child Day: कन्या भ्रूण हत्या रोकना पूरे समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी: CMO

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर CMO कार्यालय में (PCPNDT) अधिनियम, 1994 पर कार्यशाला

40

Lucknow: CMO डॉ. N.B. सिंह ने कहा है कि कन्या भ्रूण हत्या रोकना केवल स्वास्थ्य विभाग की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वह शनिवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कार्यालय सभागार में पूर्व-गर्भाधान एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (PCPNDT) अधिनियम, 1994 विषय पर एक कार्यशाला को सम्बोधित कर रहे थे। सम्बोधन से पहले डॉ. N. B. ने कार्यशाला का उद्घाटन किया था।

PCPNDT अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करना अत्यंत आवश्यक

Lucknow
Lucknow

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि हर वर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2008 में हुई थी। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, अधिकारों और सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि PCPNDT अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करना कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

अधिनियम के सख्त क्रियान्वयन के लिए मुखबिर योजना लागू

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अधिनियम के सख्त क्रियान्वयन के लिए सरकार द्वारा मुखबिर योजना लागू की गई है। इसके अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति भ्रूण लिंग परीक्षण अथवा अवैध अल्ट्रासाउंड से संबंधित सूचना देता है, तो उसे प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है तथा उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।

गर्भ में बच्चे का लिंग बताना पूर्णतः अपराध

PCPNDT के नोडल अधिकारी डॉ. A.P. मिश्रा ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए ही PCPNDT अधिनियम बनाया गया है। कानून के तहत गर्भ में बच्चे का लिंग बताना पूर्णतः अपराध है। इसके अंतर्गत जनपद में अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच, निगरानी एवं अभिलेखों (रिकॉर्ड्स) का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक होने के नाते हमारी जिम्मेदारी केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को इस कानून के प्रति जागरूक करना भी हमारा दायित्व है।

बालिकाओं में समस्याओं पर भी ध्यान देने की जरूरत

मुख्य वक्ता के रूप में वीरांगना अवंतीबाई जिला महिला अस्पताल (डफरिन) की डॉ. सरिता सक्सेना ने कहा कि इसके साथ ही बालिकाओं में एनीमिया, कुपोषण, माहवारी स्वच्छता तथा मानसिक स्वास्थ्य जैसी समस्याओं पर भी ध्यान देने की जरूरत है। एनीमिया बालिकाओं में प्रमुख रूप से स्वास्थ्य समस्या है। सरकार द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत वीकली आयरन फोलिक एसिड सप्लिमेंटेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके तहत सरकारी तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में आयरन फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कार्यशाला में ये सभी स्वास्थ्य से जुड़े अफसर, चिकित्सक आदि रहे मौजूद

इस अवसर पर ACMO डॉ. B.N. यादव, डॉ. गोपीलाल, डॉ. अनिल श्रीवास्तव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, सभी जिला अस्पतालों के प्रतिनिधि, शहरी एवं ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) के अधीक्षक, PCPNDT सेल के सदस्य तथा कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

CHC काकोरी में भी अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

Lucknow
Lucknow

इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काकोरी में भी अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें CHC अधीक्षक डॉ. K.D. मिश्रा द्वारा PCPNDT एक्ट के द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया, डॉ. श्वेता, डॉ. स्मिता, डॉ. नीलम, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राजेश सिंह सहित CHC का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Comments are closed.