NHM कर्मचारी संगठन अब मजदूर संघ के साथ मिलकर तेज करेगा आन्दोलन, संविदाकर्मियों की लड़ाई का ऐलान

अस्पतालों में एजेंसियों की जगह सरकारी या निगम से कार्यप्रणाली को लागू कराने की मांग

496

इंडिन्यूज़लाइन, लखनऊ:
उत्तर प्रदेश का संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ अब भारतीय मजदूर संघ के साथ मिलकर अस्पतालों में निजी एजेंसियों की जगह सरकारी या निगमीय तंत्र से कार्यप्रणाली को लागू कराने के लिए अपने आन्दोलन को और तेज करेगा। इसके साथ ही यूपी में तैनात एनएचएम संविदा कर्मियों को अन्य राज्यों की तरह नियुक्ति, समान वेतन, स्थानांतरण एवं सेवा सुरक्षा जैसे लाभ दिलाने के लिए नीति- स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
तीन प्रमुख प्रस्ताव लखनऊ की महत्वपूर्ण बैठक में पास
इसके अलावा कर्मचारी संगठन अब भारतीय मजदूर संघ से जुड़कर राष्ट्रहित, उद्योग हित एवं कर्मचारी हित एक साथ साधने के लिए सड़क पर उतरेगा। यह तीन प्रमुख प्रस्ताव रविवार को लखनऊ में संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की प्रदेश पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में पास किए गए हैं।

संगठन के तीन प्रमुख स्तंभ सदस्य, बैठक एवं गतिविधि पर चर्चा
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय के मुताबिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम ने संगठन के तीन प्रमुख स्तंभ सदस्य, बैठक एवं गतिविधि पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि संगठन को राष्ट्रहित, उद्योग हित एवं कर्मचारी हित के साथ समन्वय बनाते हुए कार्य करना चाहिए।

संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा विचारधारा आधारित संघर्ष को और अधिक सशक्त करने पर भी विचार
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा विचारधारा आधारित संघर्ष को और अधिक सशक्त करने पर व्यापक चर्चा हुई। अनुपम ने कर्मचारियों को संगठित करने के लिए विचार, उद्देश्य और निरंतर सक्रियता को आवश्यक बताया। संगठन ने विश्वास जताया कि संगठित प्रयास, विचारधारात्मक प्रतिबद्धता और नेतृत्व की स्पष्टता से ही संविदा कर्मचारियों को उनका वाजिब अधिकार दिलाया जा सकता है।

इन्होंने किया बैठक का संचालन, ये पदाधिकारी व कर्मचारी रहे मौजूद
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष अम्मार जाफरी ने जबकि संचालन योगेश उपाध्याय ने किया। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष डॉ. अभयानंद, जिला मंत्री संजय वर्मा, सहित अन्य वरिष्ठ साथी मौजूद रहे।

Comments are closed.